Total Pageviews

Saturday, March 24, 2012

माँ



कंठ में वाणी, इन्द्रियों में उर्जा का संचार किया
देख सकूँ मै सब कुछ, वो दृष्टि तुने प्रदान किया
ज्ञात करूँ मै सब कुछ, उस सात्विक ज्ञान का पाठ दिया
जीत सकूँ मैं सब कुछ, उस प्रबलता का वरदान दिया
माँ तुने मेरी इस श्रृष्टि का है निर्माण किया।




भूख मिटाती पहले मेरी, तब ही जा कुछ ग्रहण किया
सुख को मेरे सोंचकर, अपना सब कुछ त्याग दिया
हर पीड़ा को मेरे, ममता से अपने निष्प्राण किया
आंच न आये मुझपे, हर पल आँचल का छाँव दिया
समृद्धि-सौभाग्य को मेरे, हर इष्ट को ले उपवास किया।




कालचक्र अपनी गति से चलता रहा, सब कुछ बदलता रहा
मगर तुम न बदली माँ, तुमने तो जैसे प्रण था लिया
युवक हो चला था मै, पैरों पे खड़ा होने को था मै
डरती थी तुम, जब जब मैंने चौखट पार किया
अब तो न जाने कैसी होगी तुम...... माँ, तुने क्यों इतना प्यार किया।




दुत्कार दिया मैंने जब भी, तुने चुटकी में उसको भुला दिया
तेरी तरह तो मैं हूँ ही नहीं, ना जाने कब पुचकारा था
फिर भी तुने सिर्फ इसे याद रखा, गलतियों को मेरे भुला दिया
करुणा की मूरत क्या! तू तो करुणामयी इश्वर है
निःस्वार्थ है माँ, तू कितनी, बिना चाहे कुछ, सारा संसार दिया।




इस अनजानी दुनिया में, बस तू ही तो है मेरी दुनिया
धन्य हुआ मेरा जीवन, तुने जो इतना प्यार किया
कृतज्ञ रहूँगा हर युग में, तुने जो मुझको जन्म दिया
इश्वर को हूँ मै नहीं मानता, पर तुझमे सबको पा है लिया
माँ, तुने ही मेरी इस श्रृष्टि का, है निर्माण किया
माँ... तुने ही मेरे इस जग का, है निर्माण किया...



* यह कविता मेरी, मेरे मित्रों की, पाठकों की और हर एक की माँ को समर्पित है!




                                                                           - कुमार प्रकाश सिंह 'सूरज'





Saturday, February 18, 2012

तुम फिर भी हुए न मेरे



सोंचा है तुझे हर पल में
चाहा है तुझे बढ़ हद से
हर सपने दिए हैं खुद के 
हर आंसू पिए हैं तेरे
सब कुछ किया है मैंने
तुम फिर भी हुए न मेरे


तोडा है हर बंधन को
झुठलाया है सब को मैंने
सितम सहे हैं हर एक के
तुझे पाने को रब मेरे
सब कुछ किया है मैंने
तुम फिर भी हुए न मेरे


हर हर्फ़ है तुझको ले के
हर एक शेरो में मेरे
मन के कुचे थामे जब भी
बस चित्र उभरते हैं तेरे
सब कुछ किया...


देखा था जब से तुझको
सपनो में है तू मेरे
नींदें होती थी रातों की
अब वो भी हुए हैं तेरे
सब कुछ किया...


छुआ जो था मुझको तुने
क्या कशिश थी उस होने में
जादू सा हुआ था उस पल
जब महका जुल्फों को तेरे
सब कुछ किया...


वो साँसों की गर्मी है
अब तक चेहरे पे मेरे
वो अधरों* की नरमी है
अब तक लबों पे मेरे
सब कुछ किया...


मान लिया था उसे सब कुछ
जो वचन दिए थे तुने
सच मान लिया मैंने
हर एक विनोद* को तेरे
सब कुछ किया...


पास न होके भी बसती
है तू घर में मेरे
जीवन में न तू, तो क्या,
तू अब भी है सपनो में मेरे
सब कुछ किया है मैंने
तुम फिर भी हुए न मेरे...तुम फिर भी हुए न मेरे....


                                                     -कुमार प्रकाश सिंह 'सूरज'

*अधरों- होंठों
 *विनोद- मजाक, मसखरे 


Friday, December 16, 2011

अंतर्ध्वनि



दे मौका खुद को बिकने का इस बाज़ार में,
बड़ी ऊँची बोली लगाएगी जायेगी तेरी...


दिल तो बहुत कुछ कहता है कहने को, मगर कुछ दिया हुआ तेरा याद आ जाता है,
हमें तो नहीं पता क्या था वो, मगर सुना कई लोगो को उसे दर्द कहते हुए.


दिल खुश होने की सोंचता है कभी कभी,
तेरी यादें कह जाती हैं फिर कभी, फिर कभी.


हर एक को दिल देना चाहा सो इसके कई टुकरे हो गयें,
समेटना चाहा फिर से उन्हें, हर एक अब पत्थर हो गयें. 


दिल जीतना सिखा ना हमने, और दिल लुटाते चले गयें,
कुछ ने तो आहें भरी, बाकी रुलाते चले गयें.


सूरज की रौशनी मिलती है रोज आकर ज़मीन से
मगर तेरा मिलना कोहरे की ज्यादती हो जैसे.


दर्द दिखता नहीं दुखता है,
अश्क रुकता नहीं बहता है,
दिल को कोई और समझे कैसे,
ये तो खुद को नहीं समझता है.



बड़ी बेदर्द हैं ये सर्द हवाएं,
हम कसूरवारों को यूँ  ही छोर रखा है, 
और बेबसों का क़त्ल आजतक  करती आ रही है,
डराती है उन्हें, रुलाती है उन्हें,
बस ठिठुरा के कंपा जाती है हमें,
और नंगे शरीरो को हमेशा के लिए सुलाती रही है.


रौशनी के बहुत करीब जाया ना करो,
वो अँधेरे के सिवा कुछ नहीं देती...


हर मुस्कुराहट मेरे दर्द को छिपाना चाहती हैं
शायद तुम्हारे लिए कुछ ऐसे ही मुस्कुराता हूँ...



सिख ले ए दुनिया वालों इन परवानो से,
दो दिन की जिंदगी में भी मोहब्बत किया  करते हैं.


एक बार भी जो नींद आके मुझे चूम जाती,
ऐसा तेरे यादों के पहरों ने होने ना दिया.


दिन-ओ-दिन हो रहा हूँ किसी का दीवाना इस कदर,
ना तो असर है गुजरे वक़्त का ना ही फिक्र आने वाले मंजर का.


तुझसे मोहब्बत ना करने की लाख कोशिश की,
हर एक कोशिश ने कुछ और अंजाम दे दिया...


बड़ी तकलीफ होती है जब कोई सपनो में खो जाता है,
तू दिल तोड़ भी देगा तो क्या, मना लूँगा खुद को, सपने हकीकत नहीं होते...


हमारे इश्क का नगमा बड़ा अजीब है,
हर एक बोल कुछ गुनगुना जाते  हैं,
मगर आखरी कुछ गुमसुम से हैं...



                                                        -सूरज

Thursday, November 25, 2010

पुनर्जागरण



इस क्षणिक ख़ुशी की मोह में मैंने
मुंह कर्तव्यों से मोड़ लिया
जो पावन प्रण था मन में लिया
वह जीवन जीना छोड़ दिया॥


सुबह की बेला में सोकर
दिन अपना ही खुद से छीन लिया
अभी समय है बहुत, सोच
हर काम को कल पे छोड़ दिया॥


ऊँची इमारतों में जाकर मैं
आँगन के पेड़ को भूल गया
बाहर का कोलाहल सुनकर
चिड़ियों का चहकना भूल गया।।


झूठी सुन्दरता के भ्रम में
खुद को सवांरना छोड़ दिया
हर झूठ को सच कहता हूँ रहा
सच ने अब रिश्ता तोड़ लिया॥


लोगों की सुनते सुनते अब
खुद को ही सुनना छोड़ दिया
औरों में इतना उलझ गया
की आत्म विवेचन छोड़ दिया॥


गैरों से मिलते रहें हैं हम
अपनों को ही है भुला दिया
जीवन अपना अपनों का था
कलयुग ने, ये भी भुला दिया॥


भूल चुका था पावन प्रण मैं
फिर याद मुझे वह आया है
'सूरज' भूला था खुद के कर्म को
फिर याद मुझे नभ आया है॥


-सूरज


*(श्रीमान आदित्य भूषण मिश्र को सहृदय धन्यवाद, उनके मार्गदर्शन के बिना ये कविता किसी मूक व्यक्ति के स्वर की तरह होती॥)

Wednesday, November 24, 2010

एहसासात



हर पल रोना है तो इश्क कर के सीख ले,
गर हसना है तो इश्क में डूबे को देख ले।



क्यों नहीं समझते तुम इस शायर को,
इसे लिखने को कलम नहीं, एहसास चाहिए।



हम सिर्फ वो हर्फ़ नहीं उकेरते जिनमे गम हो,
हम भी प्यार के अफशाने लिखा करते हैं।



आप कहें तो हम खुद को हार दे आप पर,
आदत... मगर आदत अपनी हमें खुद से भी प्यारी है।




कुछ अजब सा है, कुछ अलग सा है,
हम भी न समझ सके की ये कैसा है?
हद तो तब हुई जब फिर कोशिश की समझने की,
तब जाना, ये न ऐसा  है न वैसा है, ये तो खुद सा है।





जीले खुदा के ग़लतफ़हमी में, ये तेरा तस्सवुर है,
खुद का खुदा बन कर जीना, ये मुझे मुकम्मल है।






वहां जा रहा हूँ या लौट रहा हूँ, ये बड़ी उलझन सी है,
हर बार जिस्म लौट आती है, पर रूह वहीँ छूट जाती है।





हर बार लौट आता हूँ इस रास्ते पे ख़ुशी के लिए,
अफसोश न तो ये रोक पाती है, न चलने देती है।







औरों को तो सिर्फ सुरूर है तेरा,
हम तो ताउम्र तेरी खुमारी में जियेंगे।
.
मत पूछ सुरूर है क्या,
वो तो निगाहों में रहता है
बस जान ले खुमारी को,
जो मेरी रूह में बसता है।






झूठ की कश्ती के सहारे हसीन वादियों में रह नहीं सकता,
उन वादियों में झूठ की उम्र नहीं, डूबना पड़ेगा एक दिन।






ये मोहब्बत भी क्या चीज है,
रुलाके अश्क सोख लेती है,
कहीं आने वाली हंसी फिसल न जाए।







भूलने को तो दूसरों की गलतियां हैं, टीस तो अपनों की गुस्ताखियाँ दे जाती हैं,
गर हो सके तो भूल जाना टीसते पलों को, हम तो उल्फत की जिन्दगानियां जीना चाहते हैं।










- सूरज

Sunday, September 5, 2010

है नहीं

दूँ  वो क्यों तुझे, जो तेरा है नहीं,
लूँ वो क्यों मैं, जो मेरा है नहीं,
समझूं वो क्यों तुझे, जो तु है नहीं,
समझाऊँ वो क्यों तुझे, जो मैं हूँ नहीं।


पुछूं वो क्यों मैं, जो मुझे पूछना नहीं,
जानू वो क्यों मैं, जो मुझे जानना नहीं,
करूँ वो क्यों मैं, जो मुझे करना नहीं,
क्यों देखूँ मैं उनके सपने जो अपना नहीं।



Monday, May 10, 2010

गुफ्तगू कभी उनसे कभी खुद से !!!



"उसने मुझे तबाह किया उसके बावजूद, उससे दो-चार दिन भी मैँ नफ़रत न कर सका"
- अल्वी


अए अल्वी तू क्या खूब दिल को पढ़ता था,
क्या होता जरा इस मर्ज की भी दवा बता जाता !!





घर से निकले तो हो, सोचा भी किधर जाओगे हर तरफ़ तेज़ हवाएं हैं, बिखर जाओगे ।
-- निदा फाजली




गर ये सोंच परिंदा निकले घर से
तो क्या वो वापस लौट पायेगा !!!



घर से मस्जिद है बहुत दूर चलो यूँ कर लेँ, किसी रोते हुए बच्चे को हँसाया जाए!!!
-- निदा फाजली




दुसरों पे इनायत कर अए मुसाफिर अपने लिए कब तक चलेगा !!!






पागलों की न सुनो ए दुनिया वालों, कहीं तुम भी न अच्छे बन जाओ !!!




जिसकी जरुरत नहीं वो भी कर के देख ए मुसाफिर,
सफ़र का मजा तब और भी बढ़ जाएगा !!!




तू है पूरब मैं हूँ पश्चिम, लेकिन सूरज का आना जाना दोनों से हीं हैं !!!





क्या हुआ उन्हें जो दूर रह कर नब्ज सुन सकते थे,
उन्हें आज मेरी धड़कन समझ में ना आयी ।





हर बार उम्मीद किया करते हैं उनके चले जाने के बाद की वो आयेंगे,
काश अब वो लौट के ना आये, नहीं तो उम्मीद हीं करते करते मर जायेंगे ।





बहुत दिनों बाद, आज मेरे चेहरे पे हंसी आयी है,
यादों में जिनके खोया रहता था, आज खुद उनको मेरी याद आयी है।





जब से दूर होकर यादों में खोया उनके, तब से दुनिया की खबर न थी,
और आज जब याद किया खुद उन्होंने तो मुझे अपनी भी खबर न थी।





जब भी जी करे ओ मेहरबान हमें बुला लेना,
कोई बिता हुआ वक़्त नहीं जो लौट के ना आ सकूँ।





जब सताना हीं था मुझे, तो रूठने का बहाना क्यों किया,
इस झूठ के परदे को हटा कर, तुने मुझे रोने का बहाना क्यों दिया।







* मेरी क्रम रहित रचनाएँ
* उत्कृष्ट रचनाकारों की रचनाएँ
* मेरे पक्ष
* मेरी जिज्ञासा